home page

संपत्ति विवाद में बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या, आरोपित ने किया आत्मसमर्पण

 | 
संपत्ति विवाद में बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या, आरोपित ने किया आत्मसमर्पण


हुगली, 21 अगस्त (हि.स.)। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पियारापुर फांड़ी अंतर्गत बागपाड़ा छोटबेलु इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग की रॉड से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय योगेश्वर चंद्र बाग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भारत गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन के तौर पर काम करते थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, योगेश्वर चंद्र बाग इलाके में शांत और मिलनसार व्यक्ति के रूप में परिचित थे। आरोप है कि संपत्ति को लेकर उनका तपन बाग के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रॉड से हमला कर उनकी हत्या किए जाने का आरोप है।

घटना के बाद आरोपित तपन बाग ने पियारापुर फांड़ी पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीरामपुर वॉल्स अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय