भिक्षा मांगकर पाला, उन्हीं बेटों ने बुढ़ापे में रोका रास्ता, थाने पहुंचे पिता
पश्चिम मेदिनीपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। जिले के बेलदा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटों पर घर से बाहर निकलने के रास्ते पर रोक लगाने का आरोप लगाया है। लगभग 76 वर्षीय वृद्ध को अपनी पत्नी के साथ आवागमन की सुविधा के लिए पुलिस से गुहार लगानी पड़ी है। घटना बेलदा थाना क्षेत्र के पचाशबेटिया गांव की है।
मिली जानकारी अनुसार, वृद्ध पुलिन दास का आरोप है कि लगभग 28 वर्ष पहले उन्होंने घर से बाहर निकलने के लिए जमीन का एक हिस्सा खरीदा था और उसे अपने बेटों के नाम लिख दिया था। लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से उनके बेटों द्वारा उसी रास्ते से उन्हें और उनकी पत्नी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। इसके कारण बुजुर्ग दंपति को कीचड़ भरी जमीन से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
बताया गया है कि समस्या से परेशान होकर गुरुवार को पुलिन दास अंततः बेलदा थाने पहुंचे और पुलिस से आवागमन के लिए रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की।
वृद्ध पिता ने बताया कि बचपन से ही गले में तुलसी की माला पहनकर उन्होंने भिक्षा मांगकर अपने परिवार का पालन-पोषण किया। भिक्षा से प्राप्त धन से ही उन्होंने अपने बेटों को बड़ा किया और उनका पालन-पोषण किया। लेकिन जीवन के इस पड़ाव पर उन्हीं बेटों के कारण उन्हें ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिन दास ने पुलिस से गुहार लगाई है कि जीवन के अंतिम पड़ाव में कम से कम उन्हें और उनकी पत्नी को घर से बाहर निकलने के लिए आने-जाने का रास्ता उपलब्ध कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

