एगरा स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हंगामा, पुलिस पर पक्षपात का आरोप
पूर्व मेदिनीपुर, 01 मई (हि. स.)। जिले के एगरा स्थित झाटुलाल हाई स्कूल में बने स्ट्रॉन्ग रूम के सामने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस की मदद से पोटाशपुर के भाजपा प्रत्याशी को स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर ले जाने के आरोप को लेकर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
आरोप है कि एगरा थाने के आईसी सुशांत चटर्जी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए पोटाशपुर के भाजपा उम्मीदवार तपन माइती को स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने की अनुमति दी। इस खबर के फैलते ही पोटाशपुर के तृणमूल प्रत्याशी पीयूषकांति पंडा के नेतृत्व में सैकड़ों तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आईसी को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास का इलाका तनावपूर्ण हो गया और वहां आवागमन भी प्रभावित हुआ।
घटना की जानकारी पाकर एगरा के उपमंडलाधिकारी मंजीत यादव और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पहले प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब माहौल काबू में नहीं आया तो केंद्रीय बलों ने लाठी उठाकर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।
भाजपा उम्मीदवार तपन माइती ने कहा कि तृणमूल के लोग बेवजह हंगामा कर रहे हैं और यह सब उनकी राजनीतिक प्रतिक्रिया है।
फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

