एगरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में विधायक का औचक निरीक्षण, सहायक अधीक्षक को फटकार
पूर्व मेदिनीपुर, 26 अगस्त (हि. स.)। जिले के एगरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मंगलवार देर रात अचानक निरीक्षण करने विधायक दिव्येंदु अधिकारी पहुंचे। उनके साथ एगरा के अनुमंडलाधिकारी करमवीर केशव और एगरा थाने के निरीक्षक प्रभारी भी मौजूद थे। अचानक प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक के अस्पताल पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज, चिकित्सा व्यवस्था और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आने पर उन्होंने अस्पताल के सहायक अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई।
बताया गया है कि अस्पताल की व्यवस्था को लेकर इससे पहले भी सहायक अधीक्षक को कई बार फटकार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब भी मांगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर बार-बार सवाल उठने और अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के बावजूद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हो रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

