तृणमूल नेता कृष्ण दास की बेटी प्रणयिता दास की गाड़ी पर फेंके गए अंडे, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
जलपाईगुड़ी, 30 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब जिला परिषद की कर्माध्यक्ष और फरार तृणमूल नेता कृष्ण दास की बेटी प्रणयिता दास कोतवाली थाने पहुंची। उनके थाने पहुंचते ही भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आरोप है कि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रणयिता दास की गाड़ी को घेर लिया और उस पर अंडे फेंके। इसके साथ ही गाड़ी को रोककर जमकर नारेबाजी की गई। अचानक हुई इस घटना से थाने परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तुरंत हरकत में आई और सुरक्षा घेरा बनाकर प्रणयिता दास की गाड़ी को थाने के अंदर ले जाया गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद धीरे-धीरे हालात पर काबू पाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अदालत के निर्देश पर प्रणयिता दास गुरुवार को जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने में पेश होने आई थीं उन्हें आज जिला अदालत में भी पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

