home page

दिनहाटा में पूर्व मंत्री उदयन गुहा पर फेंके गए अंडे और जूते

 | 
दिनहाटा में पूर्व मंत्री उदयन गुहा पर फेंके गए अंडे और जूते


कूचबिहार, 18 जून (हि. स.)। जिले के दिनहाटा में गुरुवार को एक अभूतपूर्व और तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली, जब तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मंत्री उदयन गुहा को थाने से बाहर लाते समय उग्र भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। भीड़ ने उन पर सड़े अंडे और जूते फेंक दिए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, उदयन गुहा को बुधवार को कोलकाता के फूलबागान स्थित उनके आवास से कूचबिहार पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया था। गुरुवार को उन्हें सड़क मार्ग से दिनहाटा थाने लाया गया। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सुबह से ही थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही एहतियातन थाने का गेट बंद कर दिया और लॉकअप के सामने प्रिजन वैन खड़ी कर दी।

पूर्व मंत्री को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस ने उन्हें हेलमेट पहनाया और कड़ी सुरक्षा के बीच वाहन तक ले जाया गया। लेकिन जैसे ही प्रिजन वैन थाने के बाहर निकली, भीड़ ने चारों ओर से अंडे और जूते फेंकना शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद इलाके में भारी संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया। केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा के बीच पहले उदयन गुहा को दिनहाटा महकमा अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बाद पूरे दिनहाटा इलाके में राजनीतिक तनाव चरम पर है और हालात पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार