शीतलकुची में भाजपा नेताओं पर अंडे फेंके जाने से हंगामा, अपने ही कार्यकर्ताओं पर आरोप
कूचबिहार, 04 अगस्त (हि. स.)। जिले के शीतलकुची में एक हैरान करने वाली घटना मंगलवार को सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को कथित तौर पर अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि नेताओं को निशाना बनाकर अंडे फेंके गए, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
जानकारी के अनुसार, शीतलकुची ब्लॉक के छोटा शालबाड़ी ग्राम पंचायत के पंचारहाट में तृणमूल कांग्रेस के प्रधान और सदस्यों के साथ एक बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें भाजपा नेताओं की भी मौजूदगी तय थी। लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक इस फैसले से नाराज हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं का आरोप था कि तृणमूल के जनप्रतिनिधि पहले विभिन्न मामलों में आरोपित रहे हैं और भाजपा समर्थकों पर अत्याचार कर चुके हैं। ऐसे में उनके साथ बैठक करना उन्हें स्वीकार नहीं था। इसी मुद्दे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और हाथापाई तक की नौबत आ गई। कुछ नेताओं को पार्टी कार्यालय में घेरकर विरोध किया गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने और नेताओं को वहां से निकालने के दौरान कथित तौर पर भाजपा के पांच नंबर मंडल अध्यक्ष पवित्र अधिकारी और मंडल महासचिव प्रसेंजित सरकार पर अंडे फेंके गए।
इस दौरान भाजपा नेता शंकर सरकार और नेत्री ब्यूटी बर्मन के घायल होने की भी खबर है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि अंडे फेंकने वाले लोग पार्टी के नहीं हैं और इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। वहीं, भाजपा नेता कनक बर्मन ने कहा कि अंडे तृणमूल प्रतिनिधियों को निशाना बनाकर फेंके गए होंगे ।
इस घटना पर वाम नेता प्रसेंजित सरकार ने इसे अपसंस्कृति करार देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। वहीं कांग्रेस नेता विश्वजीत सरकार ने इसे सामाजिक बीमारी बताते हुए इसकी निंदा की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

