home page

मिड-डे मील में अब मछली भी शामिल करने की तैयारी, अंडा जारी रहेगा : मंत्री निशीथ प्रमाणिक

 | 
मिड-डे मील में अब मछली भी शामिल करने की तैयारी, अंडा जारी रहेगा : मंत्री निशीथ प्रमाणिक


कूचबिहार, 31 जुलाई (हि. स.)। राज्य के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील को लेकर बड़ा संकेत सामने आया है। उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने शुक्रवार को कहा कि भविष्य में मिड-डे मील में अंडे के साथ-साथ मछली और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ भी शामिल किए जा सकते है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

सरकार की योजना है कि आगे चलकर पूरे राज्य में इस्कॉन के माध्यम से मिड-डे मील व्यवस्था लागू की जाए। हाल ही में कोलकाता के कुछ स्कूलों में मिड-डे मील की जिम्मेदारी इस्कॉन को सौंपी गई थी, जहां केवल शाकाहारी भोजन देने की बात कही गई थी और अंडे को मेन्यू से हटाने पर विवाद खड़ा हो गया था।

इस मुद्दे पर बढ़ते विवाद के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न से घोषणा की कि मिड-डे मील में अंडा जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भले ही इस्कॉन द्वारा शाकाहारी भोजन दिया जाए, लेकिन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बच्चों तक अंडा पहुंचाया जाएगा ताकि पोषण में कमी न हो।

मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि मिड-डे मील में अंडा दिया जाएगा। यह बहुत अच्छा निर्णय है। जो लोग अब तक प्रोटीन की कमी की बात कर रहे थे, उन्हें इसका जवाब मिल गया है।

उन्होंने आगे कहा, “सिर्फ अंडा ही नहीं, आने वाले समय में मछली को भी मिड-डे मील में शामिल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ भी जोड़े जाएंगे।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों का विकास और उनका स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार