रायगंज जिला अदालत परिसर में आरोपित पर अंडे फेंकने पहुंचे दो युवक पकड़े गए
दिनाजपुर, 16 सितंबर (हि. स.)। उत्तर दिनाजपुर जिला अदालत परिसर में आरोपित पर अंडे फेंकने पहुंचे दो युवकों को वकीलों के रोष का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस दोनों युवकों को वहां से निकालकर टोटो में बैठाकर थाने ले गई। घटना को लेकर अदालत परिसर में कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही।
बताया गया है कि मंगलवार रात रायगंज पुलिस ने रायगंज ब्लॉक के कमलाबाड़ी ग्राम पंचायत के तृणमूल कांग्रेस सदस्य राजेश उर्फ बबाई नंदी को हथियार से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। बुधवार को पुलिस उसे अदालत में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान दोनों युवक उसके ऊपर अंडे फेंकने के इरादे से अदालत परिसर पहुंचे थे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सायन चौधरी ने कहा कि उन्हें पहले से ही इस योजना की जानकारी थी और उन्होंने जिला जज को भी इसकी सूचना दे दी थी। अदालत परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपित पर अंडे फेंके गए। संविधान के खिलाफ इस तरह की घटना को लेकर सभी ने नाराजगी जताई है।
बाद में दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

