home page

शिक्षक उत्पीड़न मामले में आज शिक्षा मंत्री का दौरा, जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

 | 
शिक्षक उत्पीड़न मामले में आज शिक्षा मंत्री का दौरा, जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें


जलपाईगुड़ी, 11 सितंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में छात्रों द्वारा प्रधानाध्यापक के साथ कथित मारपीट की घटना को स्कूल शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की जांच के लिए राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन शुक्रवार को जिला स्कूल का दौरा करेंगे।

मंत्री के दौरे से पहले जिला शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी स्कूल पहुंचे। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के दोनों जिला विद्यालय निरीक्षकों समेत अधिकारियों ने स्कूल के हॉल और प्रधानाध्यापक के कक्ष का निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार, मंत्री की बैठक के लिए स्थान और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, मंत्री जलपाईगुड़ी नगरपालिका क्षेत्र के करीब 20 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक-प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा जिला स्कूल के शिक्षकों के साथ अलग बैठक कर घटना के कारणों की जानकारी लेने की कोशिश करेंगे। स्कूल की मौजूदा जिम्मेदारी संभाल रहे शिक्षक से भी मंत्री अलग से बातचीत कर सकते हैं। मिड-डे मील को लेकर विवाद के बाद प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट की घटना के अगले दिन जिला विद्यालय निरीक्षक (माध्यमिक) ने स्कूल का निरीक्षण किया था। इसकी रिपोर्ट राज्य शिक्षा विभाग को भेजी जा चुकी है। माना जा रहा है कि मंत्री अपने दौरे के दौरान इस रिपोर्ट को भी ध्यान में रखेंगे।

जिला स्कूल के प्रभारी शिक्षक अनिमेष अधिकारी ने बताया कि मंत्री के दौरे को लेकर स्कूल में तैयारियों और व्यवस्थाओं की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि घटना अब भी उनके लिए रहस्य बनी हुई है। वायरल वीडियो में दिख रहे एक युवक के स्कूल की वर्दी में नहीं होने का भी उन्होंने जिक्र किया और कहा कि वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह स्कूल का छात्र है या बाहरी। इस घटना के खिलाफ विभिन्न स्कूलों के शिक्षक भी मुखर हुए हैं।

शिक्षकों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, शिक्षकों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जिला विद्यालय निरीक्षक की जांच रिपोर्ट में आखिर क्या तथ्य सामने आए हैं।

इस बीच जलपाईगुड़ी पहुंचे राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने घटना की कड़ी निंदा की है । उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है और शिक्षक-छात्र के बीच मधुर संबंध बनाए रखना जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार