अदालत के आदेश पर ईडी कार्यालय में पेश हुए तृणमूल नेता सुजीत बसु
कोलकाता, 01 मई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का मतदान खत्म होते ही तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बसु शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पेश हुए। वह सुबह कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी दफ्तर पहुंचे।
बताया गया है कि दक्षिण दमदम नगरपालिका में नियुक्ति घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी ने उन्हें कई बार नोटिस भेजा था। इसके बाद मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय तक पहुंच गया। अदालत ने चुनाव खत्म होने तक उन्हें ईडी के सामने पेश होने से छूट दे दी थी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के एक दिन बाद ही सुजीत बसु ईडी अधिकारियों के सामने पेश हुए।
जानकारी के अनुसार, वह सुबह करीब 10 बजकर 26 मिनट पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचे। अदालत के निर्देश के अनुसार उन्हें एक मई को ईडी के सामने पेश होना था। उनके साथ उनका बेटा समुद्र बसु और दो वकील भी मौजूद थे। उनके हाथ में कुछ दस्तावेज थे। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने बताया कि वे अदालत के आदेश की प्रतियां हैं।
गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के दौरान वर्ष 2022 में नगरपालिका नियुक्ति घोटाले का मामला सामने आया था। एक व्यक्ति अयन शील के घर पर ईडी की तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज मिले थे। उसी के आधार पर ईडी ने सुजीत बसु के घर, कार्यालय और उनके करीबी लोगों की संपत्तियों पर भी तलाशी अभियान चलाया था।
इस मामले में उन्हें पहले भी तीन बार नोटिस भेजा जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव से ठीक पहले दो अप्रैल से ईडी लगातार उन्हें समन भेज रही थी। इसके बाद सुजीत बसु ने अदालत में याचिका दायर कर चुनाव तक राहत की मांग की थी। अदालत ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए चुनाव समाप्त होने के बाद निश्चित रूप से ईडी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

