ईडी की तलाशी के बीच सियासी आरोप, डीसीपी के बेटे ने कहा— ‘शुभेंदु अधिकारी की चाल
कोलकाता, 19 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता के डिप्टी पुलिस कमिश्नर शांतनु सिंह विश्वास के बालीगंज स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने रविवार तड़के तलाशी अभियान चलाया। दोपहर होते-होते ईडी की टीम शांतनु सिंह विश्वास के बेटे को साथ लेकर पार्क स्ट्रीट की ओर रवाना हुई। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित “सोना पप्पू” मामले को लेकर की जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य में 2026 विधानसभा चुनाव शुरू होने में अब केवल तीन दिन शेष हैं। ऐसे समय में ईडी की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में काफी हलचल मच गई है।
इस बीच, दोपहर में शांतनु सिंह विश्वास के बेटे ने मीडिया से बातचीत करते हुए तलाशी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों की यह कार्रवाई “शुभेंदु अधिकारी की चाल है।”
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम उन्हें पार्क स्ट्रीट के उस स्थान पर लेकर गई जहां उनका एक कोचिंग सेंटर है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य जांच है। मैं और मेरे पिता घर पर ही थे। कुछ दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने मेरे पिता से भी बात की है, सब ठीक है।
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम उन्हें पार्क स्ट्रीट के ऑकलैंड रोड स्थित स्थान पर लेकर गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता डीसीपी शांतनु सिंह विश्वास और वे स्वयं जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।
इधर, तलाशी के बीच शांतनु सिंह विश्वास के फर्न रोड स्थित घर पर उनके वकील प्रसेनजीत नाग पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “हम यह जानने आए हैं कि तलाशी क्यों की जा रही है। किस मामले में और किस आरोप में यह कार्रवाई हो रही है, यह जानना हमारा अधिकार है। एक वकील के रूप में यह हमारी जिम्मेदारी है। फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

