बनगांव में पंचायत सदस्य के घर ईडी की छापेमारी
उत्तर 24 परगना, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर 24 परगना के बनगांव के अमलापाड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से गहमा गहमी बढ़ गई। छैघड़िया ग्राम पंचायत के तृणमूल कांग्रेस के सदस्य और परिवहन व्यवसायी परितोष विश्वास के घर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने तलाशी शुरू की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, परितोष विश्वास के अलावा एक अन्य व्यवसायी के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। कई अधिकारियों की मौजूदगी में काफी देर तक घर के विभिन्न कागजात और दस्तावेजों की जांच की गई। हालांकि, किस मामले के सिलसिले में यह तलाशी की जा रही है, इस बारे में अभी तक ईडी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।
इलाके में अचानक केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों की मौजूदगी से व्यापक हलचल फैल गई। सुबह से ही घटनास्थल के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जुटती देखी गई।
चुनाव से पहले इस तरह की छापेमारी से राजनीतिक हलकों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि जांचकर्ता महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

