बैंक धोखाधड़ी मामले में पुरुलिया में ईडी की छापेमारी, कारोबारी के घर और रेस्तरां में तलाशी
पुरुलिया, 24 जुलाई (हि. स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में शुक्रवार सुबह पुरुलिया जिले के नितुरिया थाना अंतर्गत परबेलिया बाजार स्थित एक कारोबारी के घर और रेस्तरां पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। कारोबारी की पहचान सूरज विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ईडी की टीम ने उनके आवास और सूरज फैमिली रेस्टोरेंट में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। उस समय सूरज विश्वकर्मा घर पर मौजूद थे और अधिकारियों ने उनसे पूछताछ भी की।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक बहुराष्ट्रीय बैंक से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। फिलहाल ईडी मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में विभिन्न वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों में ईडी लगातार सक्रिय है। हाल के दिनों में एजेंसी ने चिटफंड और नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े मामलों में राज्य के कई जिलों में छापेमारी की है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में भी कोलकाता, बनगांव और उत्तर 24 परगना सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था।
ईडी के अनुसार, सरकारी सुविधाएं दिलाने का झांसा देकर करीब 20 हजार लोगों से लगभग 165 करोड़ रुपये की कथित ठगी की गई थी। इस मामले की जांच के दौरान एजेंसी को राज्य के कई हिस्सों में फैले कथित नेटवर्क की जानकारी मिली थी। अब बैंक धोखाधड़ी मामले में पुरुलिया में की गई यह कार्रवाई भी उसी क्रम में जांच का हिस्सा मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

