home page

बालीगंज में कारोबारी के फ्लैट पर ईडी की छापेमारी, जमीन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप

 | 
बालीगंज में कारोबारी के फ्लैट पर ईडी की छापेमारी, जमीन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप


कोलकाता, 28 मार्च (हि.स.)। चुनावी माहौल के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार सुबह कोलकाता के बालीगंज इलाके में एक कारोबारी के फ्लैट पर ईडी ने छापेमारी की। यह कार्रवाई जमीन और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की गई है।

जानकारी के अनुसार, बालीगंज सर्कुलर रोड स्थित एक बहुमंजिला आवासीय परिसर में ईडी के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया। ईडी सूत्रों के मुताबिक संबंधित कारोबारी कई सौ करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले में शामिल हो सकता है। जांच एजेंसी को यह भी संदेह है कि इस कथित भ्रष्टाचार में कारोबारी की सक्रिय भूमिका रही है और उसे इससे आर्थिक लाभ भी हुआ है।

तलाशी के दौरान जांचकर्ता कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, बैंक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की गहन जांच कर रहे हैं। साथ ही इस मामले में और किन-किन लोगों की संलिप्तता हो सकती है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आवास परिसर के प्रवेश और निकास द्वार पर केंद्रीय बलों के जवान तैनात किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, इसी मामले में ईडी कोलकाता और आसपास के सात से आठ अन्य स्थानों पर भी एक साथ जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विकास और रियल एस्टेट परियोजनाओं का झांसा देकर कई लोगों से पैसा लिया गया था। आरोप है कि वादा करने के बावजूद परियोजनाएं पूरी नहीं की गईं और जमा धनराशि को अन्य जगह स्थानांतरित कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि इस मामले में मिली कई शिकायतों के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर