दुर्गा पूजा पास घोटाला : जेल में बंद पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के घर पुलिस की छापेमारी
कोलकाता, 06 नवंबर (हि. स.)। दुर्गा पूजा पास घोटाला मामले में जेल में बंद राज्य के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को उनके कसबा स्थित आवास पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। मौके पर पुलिस की दो गाड़ियां पहुंचीं और इस छापेमारी में पुलिस के साथ खोजी कुत्ते भी शामिल थे।
गौरतलब है कि इससे पहले लालबाज़ार (कोलकाता पुलिस मुख्यालय) ने पूर्व मंत्री की पत्नी और बेटी को भी पूछताछ के लिए तलब किया था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस के समक्ष अपनी हाजिरी दर्ज कराई थी। इसी कड़ी में अब यह छापेमारी की गई है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 'मास आर्ट' संस्था के सचिव ध्रुबज्योति बसु उर्फ शुभ को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे पिछले बुधवार शाम कोलकाता के टियरिट्टी बाजार इलाके से दबोचा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीआईपी पास की अवैध बिक्री की योजना बनाने से लेकर घोटाले की काली कमाई को छिपाने तक, इस पूरे सिंडिकेट में ध्रुबज्योति की बेहद अहम भूमिका रही है।
पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। वर्ष 2021 में जब कोलकाता की दुर्गा पूजा को यूनेस्को की विश्व धरोहर का दर्जा मिला, उसके तुरंत बाद 'मास आर्ट सोसाइटी' का गठन किया गया था। आरोप है कि इसी संस्था को ढाल बनाकर पूजा के वीआईपी पास और प्रीव्यू शो के टिकट बेचने की पूरी साजिश रची गई।
जांच में यह भी पता चला है कि इस संस्था के मुख्य कर्ताधर्ता ध्रुबज्योति बसु और पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन ही थे। रसूख का फायदा उठाते हुए ध्रुबज्योति की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग से भी टेंडर हासिल कर लिए थे। पुलिस का आरोप है कि इस गिरोह ने 2022 से 2025 तक यूनेस्को के नाम और लोगो का गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल किया और इसके जरिए मोटी रकम वसूलते हुए आम लोगों और प्रायोजकों को पास व टिकट बेचे।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और वित्तीय लेन-देन के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

