home page

नदिया में ईडी की छापेमारी, चिटफंड मामले में कारोबारी के घर तलाशी

 | 
नदिया में ईडी की छापेमारी, चिटफंड मामले में कारोबारी के घर तलाशी


कोलकाता, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में चिटफंड से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ ताहेरपुर थाना क्षेत्र के कालीनारायणपुर स्थित कारोबारी शुभ्र कांति नाग के आवास पर छापेमारी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, ईडी के पांच अधिकारियों की टीम सुबह ही शुभ्र कांति नाग के घर पहुंची और परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी शुरू की। बताया जा रहा है कि शुभ्र कांति नाग एक निवेश आधारित वित्तीय संस्था से जुड़े रहे हैं और उसी से संबंधित वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।

ईडी की टीम घर के दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था। फिलहाल ईडी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर