home page

सेवानिवृत कर्मी के वित्तीय लेनदेन की जांच, सुभाष नगर में ईडी की छापेमारी

 | 
सेवानिवृत कर्मी के वित्तीय लेनदेन की जांच, सुभाष नगर में ईडी की छापेमारी


पश्चिम बर्दवान, हिस 2026।

पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल स्थित सुभाष नगर इलाके में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ छापेमारी की। सुबह लगभग 8:15 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक मकान में प्रवेश कर जांच शुरू की, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, जिस घर में ईडी की टीम पहुंची, वह राम मल्लिक का है। उनके पिता दिलीप मल्लिक ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जाते हैं। ईडी की टीम घर के भीतर वित्तीय दस्तावेज, बैंक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड तथा संपत्ति संबंधी कागजात की गहन जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की है। हालांकि, छापेमारी किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। एजेंसी ने कार्रवाई के कारणों पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।

छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। फिलहाल ईडी की टीम घर के भीतर मौजूद है और जांच जारी है। एनफोर्समेंट डिपार्मेंट के अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा