home page

पश्चिम बंगाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता और बनगांव के आठ ठिकानों पर छापेमारी

 | 
पश्चिम बंगाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता और बनगांव के आठ ठिकानों पर छापेमारी


कोलकाता, 21 जुलाई (हि. स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वित्तीय अनियमितता और जालसाजी से जुड़े एक मामले की जांच के तहत मंगलवार को पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता और उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव उपमंडल में आठ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी ईडी की टीम के साथ मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, जांच का केंद्र उन आरोपों पर है जिनमें लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूली गई। आरोप है कि इस तरीके से करीब 20 हजार लोगों से लगभग 165 करोड़ रुपये एकत्र किए गए।

बताया गया है कि इस मामले की शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अधीन जांच एजेंसी ईडी ने जांच शुरू की और मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, एजेंसी के अधिकारियों ने जांच की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, जिन आठ स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें चार ठिकाने कोलकाता और चार बनगांव में स्थित हैं।

बनगांव में ईडी की टीम ने स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता अभिजीत विश्वास के आवास पर भी तलाशी ली। जांच एजेंसी उन्हें इस कथित वित्तीय अनियमितता और जालसाजी मामले का मुख्य साजिशकर्ता मान रही है।

हालांकि, जब ईडी की टीम सुबह उनके घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं थे। परिवार के सदस्यों ने अधिकारियों को बताया कि अभिजीत विश्वास अधिकांश समय बनगांव से बाहर रहते हैं और बहुत कम घर आते हैं। पड़ोसियों ने भी इस दावे की पुष्टि की।

उधर, पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाने की बात पहले ही स्पष्ट कर चुकी है। हाल ही में लागू पश्चिम बंगाल सार्वजनिक सुरक्षा एवं असामाजिक गतिविधि नियंत्रण अधिनियम, 2026 में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। इस कानून के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों का उपयोग करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों की संपत्ति जब्त करने का अधिकार राज्य सरकार को प्राप्त है।

फिलहाल ईडी की तलाशी और जांच की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा