ईसीएल में मेडिकल बिल के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला
पश्चिम बर्दवान, 23 सितंबर (हि. स.)। कोल इंडिया की कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) में मेडिकल बिल के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कंपनी की आंतरिक जांच में पता चला है कि पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकेयर बेनिफिट योजना के तहत एक ही इनवॉइस नंबर एनटी-23-15679 का इस्तेमाल अलग-अलग तारीखों पर कई बार किया गया और प्रत्येक बार 39 हजार 800 की राशि का मेडिकल बिल क्लेम किया गया।
ईसीएल की विजिलेंस टीम पुराने मेडिकल बिलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ही इनवॉइस नंबर बार-बार सामने आने पर अधिकारियों को संदेह हुआ। अलग-अलग महीनों के इलाज के लिए एक ही इनवॉइस नंबर वाले दस्तावेज लगाए गए थे। जांच के दौरान कंपनी ने इसे संदिग्ध पाया और कुल 39 हजार 800 की हेराफेरी की कोशिश का मामला सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए ईसीएल प्रबंधन ने बुधवार को संकतोडिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी की ओर से पुलिस को संदिग्ध दस्तावेज भी सौंपे गए हैं और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूरी जांच करने की मांग की गई है। ईसीएल का आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कंपनी से राशि प्राप्त करने की कोशिश की गई।
अब पुलिस यह जांच करेगी कि उक्त मेडिकल बिल किसने जमा किए थे, इनवॉइस वास्तविक है या फर्जी और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
ईसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ कंपनी की शून्य सहनशीलता की नीति है। कंपनी के अनुसार कर्मचारी हो या पूर्व कर्मचारी, गलत तरीके से राशि प्राप्त करने या फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

