अंडाल की विश्वेश्वरी कोलियरी में ड्यूटी के दौरान खदान कर्मी की मौत
पश्चिम बर्दवान, 25 जुलाई (हि. स.)। ईसीएल की विश्वेश्वरी कोलियरी में शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक खदान कर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमार (38) शनिवार सुबह करीब सात बजे रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के अंदर निर्धारित कार्य पूरा करने के बाद वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े।साथी कर्मचारियों ने उन्हें विश्वेश्वरी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईसीएल कर्मचारी रामचरण कुमार ने बताया कि शिवकुमार की तबीयत अचानक खराब होने की सूचना पाकर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ईसीएल सूत्रों के अनुसार, कंपनी के नियमों के तहत मृतक के परिजनों को सभी निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी प्रदान की जाएगी। इस घटना से कोलियरी में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

