कुल्टी में परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से तिरपाल, कंबल और कपड़ों का जखीरा बरामद
पश्चिम बर्दवान, 03 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के वार्ड 102 अंतर्गत राधानगर के पोइडी इलाके में स्थित एक परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से बुधवार को तिरपाल, कंबल, साड़ियां, धोती, लुंगी, चूड़ीदार और अन्य कपड़ों की बड़ी खेप बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
भाजपा नेता एवं बीएमएस जिलाध्यक्ष गोविंद माझी ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक बंद पड़े ईसीएल क्वार्टर में संदिग्ध सामान रखा गया है। सूचना पाकर भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और खिड़की से अंदर बड़े-बड़े बोरे दिखाई देने पर पुलिस तथा प्रशासन को खबर दी। सूचना पाकर नियामतपुर चौकी की पुलिस और ईसीएल अधिकारियों की मौजूदगी में क्वार्टर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में कंबल, तिरपाल, बच्चों के कपड़े, महिलाओं की साड़ियां तथा पुरुषों की धोती-लुंगी बरामद हुईं।
भाजपा का आरोप है कि ये सामान गरीब लोगों में वितरण के लिए थे, लेकिन उन्हें लंबे समय से छिपाकर रखा गया था। गोविंद माझी ने आरोप लगाया कि जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री नहीं पहुंचाई गई और इन्हें कहीं और भेजने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने मामले में स्थानीय तृणमूल पार्षद की भूमिका की जांच की मांग की।
वहीं, ईसीएल के सोदपुर एरिया के अधिकारी एस अहमद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पांच पैकेट कंबल, तिरपाल, साड़ियां, लुंगी, धोती, चूड़ीदार सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। सभी वस्तुओं को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस को सौंप दिया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सामान सरकारी था या निजी तथा उसका वास्तविक मालिक कौन है।
दूसरी ओर वार्ड 102 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सौरभ माझी ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से सामान मिला, वह उनकी निजी संपत्ति नहीं है। वहां सामान कैसे पहुंचा, किसने रखा और क्वार्टर किसके नाम आवंटित था, इसकी जांच ईसीएल और प्रशासन को करनी चाहिए।
उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

