home page

अंडाल कोलियरी में 34 साल बाद डकैती, हथियार के बल पर गार्डों को बंधक बनाकर लूट

 | 
अंडाल कोलियरी में 34 साल बाद डकैती, हथियार के बल पर गार्डों को बंधक बनाकर लूट


पश्चिम बर्दवान, 16 अगस्त (हि. स.)। अंडाल के पाड़ाशकोल ईस्ट कोलियरी में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर सुरक्षा गार्डों समेत कोलियरी कर्मियों को बंधक बनाकर लूटपाट की। घटना के बाद खदान क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कोलियरी के बीएमएस नेता और खनिक भगवान दास के अनुसार, करीब 34 साल बाद इस तरह की डकैती की घटना सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस बदमाश तांबे का सामान चोरी करने के इरादे से कोलियरी में दाखिल हुए थे। हाजिरी बाबू, बत्ती बाबू और तीन सुरक्षा गार्डों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और हथियार के बल पर सभी को एक कमरे में बंद कर दिया।

आरोप है कि बदमाश सुरक्षा गार्डों और अन्य कर्मचारियों से नगद रुपये, मोबाइल फोन तथा एटीएम कार्ड लूटकर ले गए। इसके अलावा कोलियरी का टेलीफोन भी तोड़ दिया गया, जिससे तत्काल सूचना देने में परेशानी हुई।

रात की ड्यूटी पर तैनात खनिक राजीव महतो ने बताया कि वे लोग अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर मोबाइल फोन तथा नकदी छीन ली।

घटना को लेकर बीएमएस नेता भगवान दास ने कहा कि करीब 34 वर्षों के बाद कोलियरी में इस तरह की लूट की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि यदि रात की ड्यूटी में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी, तो वे किस तरह निश्चिंत होकर काम करेंगे। उन्होंने कोलियरी की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात सीआईएसएफ की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

घटना की सूचना पाकर बाद अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

घटना के बाद खनिकों और कर्मचारियों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा कोलियरी परिसर में सीआईएसएफ और पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा