अतिक्रमण के नोटिस को लेकर भाजपा और तृणमूल आमने-सामने
आसनसोल, 18 मार्च (हि. स.)। पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के खोट्टाडीही इलाके में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) द्वारा लगाये गये क्वार्टर खाली करने के नोटिस को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी चुनाव प्रचार के दौरान मौके पर पहुंचे और नोटिस देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कोलियरी एजेंट को फोन कर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस नेता नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के इशारे पर हो रही है। जितेंद्र तिवारी ने मौके पर नोटिस फाड़ते हुए लोगों से कहा कि वे घर खाली न करें और किसी भी दबाव में न आएं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचेंगे। भाजपा सरकार बनने पर लोगों को क्वार्टर का लीज दिया जाएगा। वहीं, तृणमूल प्रत्याशी और विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा का “नाटक” बताया। उन्होंने कहा कि ईसीएल एक केंद्रीय कंपनी है और तृणमूल पहले ही ऐसे नोटिसों का विरोध कर चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बंगाल में किसी को बेघर नहीं होने दिया जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

