ईसीएल के आवंटित आवासों पर अवैध कब्जे का आरोप, 24 घंटे में खाली करने की चेतावनी
पश्चिम बर्दवान, 22 जुलाई (हि. स.)। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के आवंटित आवासों पर कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने को लेकर श्रीपुर-सातग्राम क्षेत्र के भानोड़ा कोलियरी में बुधवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। ईसीएल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि स्थानीय भाजपा नेताओं के समर्थन से दो लोगों ने ईसीएल के दो आवंटित आवासों पर अवैध कब्जा कर लिया है। इस मामले में ईसीएल की ओर से बाराबनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
बताया गया कि कुछ दिन पहले दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर ईसीएल के आवंटित दो आवासों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। मामले की जानकारी मिलते ही ईसीएल प्रबंधन ने प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
बुधवार को ईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी और ईसीएल सुरक्षा बल की संयुक्त टीम कब्जा हटाने के लिए भानोड़ा कोलियरी पहुंची। वहां एक आवास पर बाहर से ताला लटका मिला, जबकि दूसरे आवास में कथित कब्जाधारी मौजूद थे। अधिकारियों ने उन्हें तत्काल आवास खाली करने का निर्देश दिया, जिसके बाद मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और ईसीएल अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई।
भाजपा नेताओं का कहना था कि इलाके में ऐसे कई आवास हैं, जिन पर लंबे समय से अवैध रूप से लोग रह रहे हैं। उनका तर्क था कि ईसीएल को पहले उन सभी अवैध कब्जों को हटाना चाहिए। हालांकि ईसीएल अधिकारियों ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया और स्पष्ट किया कि आवंटित आवासों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्राथमिकता के आधार पर पहले आवंटित क्वार्टरों को खाली कराया जाएगा।
ईसीएल के एक अधिकारी ने कहा कि यदि आवंटित क्वार्टरों पर अवैध कब्जा किया जाता है तो कंपनी कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। संबंधित लोगों को आवास खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। ईसीएल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास खाली नहीं किए जाने पर उनके विरुद्ध आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

