home page

चुनावी आचार संहिता के दौरान बंगाल में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद, करोड़ों के नशीले पदार्थ व नगदी जब्त

 | 
चुनावी आचार संहिता के दौरान बंगाल में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद, करोड़ों के नशीले पदार्थ व नगदी जब्त


कोलकाता, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चुनावी आचार संहिता के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और चुनावी कार्रवाई से जुड़ा बड़ा अपडेट दिया है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, 15 मार्च 2026 से अब तक राज्यभर में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। अब तक 397 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 712 कारतूस, 222.57 किलोग्राम विस्फोटक और 10 हजार 401 बम बरामद किए गए हैं। कुल एक हजार 365 बम जब्त किए जाने की भी जानकारी दी गई है। वहीं, राज्य में कुल पांच लाख 28 हजार 694 लाइसेंसी हथियारों में से एक लाख 70 हजार छह हथियार जमा कराए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि 26 फरवरी 2026 से 28 अप्रैल रात नौ बजे तक राज्यभर में भारी मात्रा में नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातुएं और फ्रीबीज जब्त की गई हैं। अब तक 30 करोड़ 69 लाख 77 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। 51 लाख 43 हजार 44.71 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 134 करोड़ 55 लाख आठ हजार रुपये आंकी गई है।

ड्रग्स और नारकोटिक्स की बात करें तो 67 लाख 74 हजार 550.31 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 119 करोड़ 73 लाख 87 हजार रुपये है। इसके अलावा तीन लाख 74 हजार 215.97 ग्राम कीमती धातुएं बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत 65 करोड़ 60 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। फ्रीबीज और अन्य सामान की जब्ती का मूल्य 189 करोड़ 13 लाख 24 हजार रुपये है। कुल मिलाकर अब तक 539 करोड़ 72 लाख 31 हजार रुपये की जब्ती की जा चुकी है।

आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर भी चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है। राज्यभर में अवैध राजनीतिक पोस्टर, बैनर और प्रचार सामग्री हटाने का अभियान लगातार जारी है। आयोग के अनुसार, सभी जिलों में सार्वजनिक संपत्तियों से अवैध प्रचार सामग्री हटाने का काम पूरा कर लिया गया है।

जिलावार आंकड़ों में सबसे ज्यादा कार्रवाई पूर्व बर्धमान जिले में दर्ज की गई है, जहां तीन लाख 20 हजार 21 मामले दर्ज हुए हैं। उत्तर 24 परगना में दो लाख 13 हजार 785, दक्षिण 24 परगना में एक लाख छह हजार 641, नदिया में 51 हजार 395, हावड़ा में 82 हजार 66, हुगली में एक लाख 23 हजार 14, कोलकाता दक्षिण में 44 हजार 457 और कोलकाता उत्तर में एक लाख 81 हजार 70 मामले दर्ज किए गए हैं।

पूरे राज्य में अब तक सार्वजनिक संपत्तियों से 20 लाख 81 हजार 634 और निजी संपत्तियों से तीन लाख एक हजार 364 अवैध प्रचार सामग्री हटाई गई है। कुल मिलाकर 24 लाख 808 मामलों में कार्रवाई की गई है।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरिंदम नियोगी ने कहा है कि आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा