home page

इफ्तार पार्टी में शामिल होने पर मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बल के सात जवानों पर कार्रवाई

 | 
इफ्तार पार्टी में शामिल होने पर मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बल के सात जवानों पर कार्रवाई


मुर्शिदाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग ने ड्यूटी के दौरान सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के आरोप में केंद्रीय बल के सात जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना करीब एक सप्ताह पहले मुर्शिदाबाद जिले के निमतिता इलाके की है, जहां रमजान के दौरान आयोजित एक इफ्तार पार्टी में केंद्रीय बल के सात जवानों के शामिल होने की बात सामने आई थी। यह इफ्तार पार्टी स्थानीय पंचायत प्रमुख आलियारा बीबी के पति सामिउल हक द्वारा आयोजित बताई जा रही है। इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला आयोग के संज्ञान में आया।

हालांकि, संबंधित जवानों ने दावा किया कि वे किसी बाहरी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे और बीएसएफ कैंप में ही इफ्तार का आयोजन किया गया था, जिसमें स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि आमंत्रित थे। इसके बावजूद चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की।

आयोग ने स्पष्ट किया कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के जवान स्थानीय लोगों से किसी प्रकार की सुविधा नहीं ले सकते और न ही किसी सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। इसे नियमों का उल्लंघन माना गया है। कार्रवाई के तहत दो जवानों को केंद्रीय बल की हिरासत में रखा गया है, जबकि बाकी पांच को राज्य से बाहर भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि पैरामिलिट्री नियमों के तहत यह कदम उठाया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में चुनाव से पहले केंद्रीय बलों की गतिविधियों पर आयोग कड़ी नजर रख रहा है। इसके लिए जीपीएस ट्रैकर और बॉडी कैमरा जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि उनकी तैनाती और गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय