झाड़ग्राम में उर्वरक की दुकानों पर प्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी, अधिक कीमत वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई
झाड़ग्राम, 05 अगस्त (हि.स.)।
किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद झाड़ग्राम जिला प्रशासन ने निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर उर्वरक (खाद) बेचने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बुधवार सुबह जिला एनफोर्समेंट ब्रांच की एक टीम ने शहर की कई खाद दुकानों पर अचानक छापेमारी कर जांच अभियान चलाया।
सूत्रों के अनुसार, किसानों की ओर से लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ व्यापारी कृत्रिम कमी पैदा कर सरकार द्वारा तय कीमत से अधिक दाम पर खाद बेच रहे हैं। इन्हीं शिकायतों की सत्यता की जांच के लिए एनफोर्समेंट ब्रांच ने यह औचक अभियान चलाया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने कई खाद दुकानों में उपलब्ध स्टॉक, खरीद-बिक्री के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही अधिकारियों ने किसानों से सीधे बातचीत कर यह भी जानकारी ली कि उन्हें खाद निर्धारित सरकारी दर पर मिल रही है या नहीं। कई दुकानों में खाद की बिक्री कीमत की तुलना सरकार द्वारा जारी रेट चार्ट से भी की गई।
एनफोर्समेंट ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थिति में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यापारी कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूलते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस छापेमारी से जिले के खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिलेभर में इस तरह के औचक निरीक्षण और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

