home page

कुएं में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

 | 
कुएं में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी


दुर्गापुर, 28 जून (हि. स.)। पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के बनसोल इलाके में गुरुवार सुबह एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कुएं में कैसे पहुंचा और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने कुएं में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इसके बाद दुर्गापुर-फरीदपुर थाने की पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक इलाके का निवासी नहीं है। ऐसे में वह यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

स्थानीय निवासी कालीचरण माझी ने बताया कि सुबह जब हमने कुएं में शव तैरता हुआ देखा तो हैरान रह गए। वह हमारे इलाके का रहने वाला नहीं है। वह कहां से आया और उसकी मौत कैसे हुई, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय