नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी एवं डराने-धमकाने के आरोप में तृणमूल नेता शेख वसुल गिरफ्तार
आसनसोल, 22 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासन के दौरान धमकी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपित तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर चल रही कार्रवाई के तहत, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय में पुलिस ने शुक्रवार को दुर्गापुर से एक ट्रेड यूनियन नेता को गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान दुर्गापुर-फरीदपुर क्षेत्र में आईएनटीटीयूसी के अध्यक्ष और पश्चिम बर्दवान जिलान्तर्गत रंगमती के निवासी शेख वसुल के रूप में हुई है।
जिला पुलिस के अनुसार, लंबे समय से उनके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गई थीं। तृणमूल कांग्रेस के साथ उसके संबंधों के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू नहीं की। उन पर नौकरी देने के नाम पर लोगों से पैसे इकट्ठा करने, स्थानीय निवासियों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस का दावा है कि आरोपित पर हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया था, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया था। कई निवासियों ने चुनाव से पहले उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराया था। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, दुर्गापुर-फरीदपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह छापेमारी कर उसे लाउदोहा इलाके से गिरफ्तार किया। उन्हें शुक्रवार को दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

