दुर्गापुर में तृणमूल कार्यकर्ता के घर पर हमला और तोड़फोड़, इलाके में दहशत का माहौल
पश्चिम बर्दवान, 06 जुलाई (हि. स.)। दुर्गापुर के बेनाचिती स्थित नूतन पल्ली इलाके में एक तृणमूल कार्यकर्ता प्रशांत राय के घर पर कथित हमला और तोड़फोड़ की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पाकर दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
आरोप है कि देर रात हथियारबंद बदमाशों का एक समूह धारदार हथियार, फावड़ा और आग्नेयास्त्र लेकर रीना राय के घर पहुंचा। इसके बाद घर के एक हिस्से में जमकर तोड़फोड़ की गई। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़िता रीना राय ने बताया कि घटना के बाद से उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और इस घटना में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

