कोलकाता के बाद अब दुर्गापुर के क्लासरूम में मिला विशाल चंद्रबोड़ा, छात्रों और शिक्षकों में मची अफरा-तफरी
पश्चिम बर्दवान, 25 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के भवानीपुर स्थित मित्र इंस्टीट्यूशन में क्लासरूम के अंदर जहरीला सांप मिलने की घटना के बाद अब दुर्गापुर के एक स्कूल में भी ऐसा मामला सामने आया है। बुदबुद इलाके के खेतुड़ा आदिवासी प्राथमिक विद्यालय की दूसरी कक्षा में मंगलवार को एक विशाल चंद्रबोड़ा सांप घुस आया। क्लास के दौरान जहरीले सांप को देखकर छात्रों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद अचानक एक विशाल चंद्रबोड़ा सांप दूसरी कक्षा में पहुंच गया। सांप को देखते ही बच्चे डर गए और कक्षा से बाहर निकलने के लिए भागने लगे। मौके पर मौजूद शिक्षक भी घबरा गए। खबर फैलते ही परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
स्कूल के प्रधान शिक्षक शेख सिराजुल हक ने बताया कि इससे पहले भी कई बार स्कूल परिसर में सांप घुस चुका है। खासकर बरसात के मौसम में स्कूल के शिक्षक और छात्र काफी डर के माहौल में रहते हैं। हालांकि, इस बार स्थानीय एक युवक ने सांप को पकड़ लिया, जिसके कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
दूसरी ओर, क्लासरूम में जहरीला सांप मिलने के बाद अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। उनका आरोप है कि स्कूल के चारों तरफ झाड़ियां और गंदगी फैली हुई है। स्कूल के पीछे की ओर की दीवार भी टूट चुकी है और उसके पास एक बड़ा जलाशय मौजूद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से बार-बार स्कूल में सांप घुस रहे हैं।
अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि स्कूल परिसर में भी जहरीले सांपों का ठिकाना हो सकता है। इस घटना के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर की जल्द सफाई कराने, टूटी हुई दीवार की मरम्मत करने और जलाशय के किनारे की स्थिति को ठीक करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

