home page

गोपालपुर के स्टील कारखाने में विस्फोट, चार श्रमिक घायल

 | 
गोपालपुर के स्टील कारखाने में विस्फोट, चार श्रमिक घायल


पश्चिम बर्धमान, 22 मई (हि. स.)। दुर्गापुर के गोपालपुर स्थित एक निजी इस्पात कारखाने में शुक्रवार सुबह भट्टी में अचानक हुए जोरदार विस्फोट में चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में परिमल विश्वास और निरंजन बागदी की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को राजबांध के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कारखाने में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भट्टी से तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। धमाके के साथ आग की लपटें और पिघला हुआ पदार्थ चारों ओर फैल गया, जिसकी चपेट में आने से चार श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। सहकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार, परिमल विश्वास और निरंजन बागदी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है। अन्य दो श्रमिकों का भी इलाज जारी है।

हादसे के बाद श्रमिकों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने कारखाना प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जा रहा है। घटना के विरोध में श्रमिकों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन किया और मांग की कि घायलों का समुचित इलाज कराया जाए तथा पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा दिया जाए।

श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें जरूरी सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, ग्लव्स और फायर सूट तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। साथ ही कई श्रमिकों को ईएसआई और पीएफ जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।

घटना को लेकर भाजपा नेता शुभाशीष मुखोपाध्याय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे ऐसे हादसे कारखानों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हैं। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है, वहीं श्रमिक संगठनों का कहना है कि केवल जांच नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा