दुर्गापुर में प्लास्टिक गोदाम में भयावह आग
दुर्गापुर , 09 नवंबर (हि. स.)। दुर्गापुर के कोकोवेन थाना अंतर्गत एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान जमा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते गोदाम से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच की जा रही है।
वहीं, गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री किस तरह खुले तौर पर जमा की गई थी और क्या इसके लिए अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम किए गए थे, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। भीषण अग्निकांड के बाद इलाके में दहशत और भारी हलचल का माहौल है। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

