पुराने जमीन विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप
दुर्गापुर, 12 नवंबर (हि.स.)।
दुर्गापुर के जाब्बरपल्ली इलाके में पुराने जमीन विवाद को केंद्र कर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान श्याम कुमार दास के रूप में हुई है। बुधवार रात हुई इस घटना में इलाके के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, काली पूजा के बाद बुधवार को जाब्बरपल्ली इलाके में प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया गया था। विसर्जन जुलूस के दौरान श्याम अपने कुछ दोस्तों के साथ मौज-मस्ती कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान इलाके के दो युवक वहां पहुंचे और श्याम के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने श्याम की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

