home page

मलानदिघी के जंगल में मिले चार मानव कंकाल, इलाके में सनसनी

 | 
मलानदिघी के जंगल में मिले चार मानव कंकाल, इलाके में सनसनी


पश्चिम बर्दवान, 09 सितंबर (हि. स.)। कांकसा थाना क्षेत्र के मलानदिघी स्थित जाठगढ़िया मोड़ इलाके में जंगल के भीतर एक साथ चार मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पाकर कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जंगल के अंदर कंकाल पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जंगल के काफी अंदर तलाशी लेने के दौरान एक साथ चार कंकाल बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर रासप्रित सिंह ने बताया कि जंगल से चार कंकाल बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इन्हें मानव कंकाल माना जा रहा है। फॉरेंसिक विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कंकालों को बरामद किया गया है।

फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि कंकालों की पहचान की जा सके। बरामद कंकालों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा