दुर्गापुर में अवैध निर्माण पर सख्ती, भाजपा के दो विधायकों ने प्रमोटरों को दी बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी
पश्चिम बर्दवान, 30 अगस्त (हि. स.)। शहर में अवैध बहुमंजिली इमारतों और फ्लैटों के निर्माण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। नवपल्ली, नूतनपल्ली, भगत सिंह नगर और बेनाचिटी के शिकन गली सहित कई इलाकों में बिना स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमति के निर्माण किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
मामले को लेकर दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घुरुई ने प्रमोटरों को कड़ी चेतावनी दी है। दोनों विधायकों का कहना है कि जांच के दौरान कोई निर्माण अवैध पाए जाने या जरूरी अनुमति के बिना बनाया गया, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों और विपक्ष का आरोप है कि कई स्थानों पर स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण किया गया है, अतिरिक्त मंजिलें बनाई गई हैं और भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन किया गया है। कुछ निर्माणों के पास आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) की आवश्यक अनुमति नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।
दुर्गापुर में भवन निर्माण की वैधता की जांच और नक्शों को मंजूरी देने की जिम्मेदारी एडीडीए की है। फिलहाल विधायकों के सख्त रुख के बाद शहर के प्रमोटरों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, किसी भी निर्माण के खिलाफ अंतिम कार्रवाई जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

