तालाब में डूबे दो युवक, गांव में मातम
दुर्गापुर, 04 मार्च (हि. स.)। दुर्गापुर में होली का उत्साह
बुधवार दोपहर आमराई गांव के एक तालाब में नहाने उतरे दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। खुशी मातम में बदल गई। मृतकों की पहचान देवदूत गोसाईं (19) और विशाल सिंह (18) के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 स्थित ऋषि अरबिंद नगर के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के रंगों से खेलने के बाद 10 दोस्तों का एक समूह नहाने के लिए गांव के एक नए तालाब पर गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देवदूत और विशाल सबसे पहले पानी में उतरे, लेकिन तालाब की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण वे गहरे पानी में डूब गए।उन्हें तैरना भी नहीं आता था। किनारे पर खड़े उनके दोस्त डर के कारण पानी में नहीं उतर सके और मदद के लिए शोर मचाने लगे।
सूचना पाकर दुर्गापुर थाने की पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत दुर्गापुर स्टील प्लांट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

