लंबे समय से फरार तृणमूल नेता गौतम घोष गिरफ्तार, राजनीतिक हिंसा मामले में पुलिस को थी तलाश
पश्चिम बर्दवान, 04 जून (हि. स.)। दुर्गापुर अंचल में लंबे समय से फरार चल रहे दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता तथा गोगला अंचल तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष गौतम घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दुर्गापुर-फरीदपुर थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया, जबकि गुरुवार को उन्हें दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गौतम घोष के खिलाफ राजनीतिक हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कोयला, बालू और अवैध ईंट भट्टों से जुड़े कथित सिंडिकेट संचालन के आरोप भी लंबे समय से उन पर लगते रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले क्षेत्र में एक राजनीतिक सभा के दौरान तत्कालीन विपक्ष के नेता और वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी गौतम घोष पर सिंडिकेट चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि इन आरोपों को लेकर गौतम घोष या उनके वकील की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। न ही तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
राजनीतिक हलकों में गौतम घोष को तृणमूल के जिला नेतृत्व और पांडवेश्वर के पूर्व विधायक के करीबी नेताओं में गिना जाता है।
बताया जाता है कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही गौतम घोष क्षेत्र छोड़कर फरार थे। तभी से पुलिस उनकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने जांच के हित में उनकी पुलिस हिरासत की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

