home page

बंगाल अंबुजा टाउनशिप इलाके में गैस पाइप लाइन फटने से मची अफ़रा-तफ़री

 | 
बंगाल अंबुजा टाउनशिप इलाके में गैस पाइप लाइन फटने से मची अफ़रा-तफ़री


आसनसोल, 05 अप्रैल (हि. स.)। दुर्गापुर में रविवार सुबह सिटी सेंटर इलाके के बंगाल अंबुजा क्षेत्र में पाइपलाइन के जरिए घर-घर गैस सप्लाई करने वाली एक निजी कंपनी की पाइपलाइन अचानक फटने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में तेज धमाके जैसी आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और इसके साथ ही बड़ी मात्रा में गैस बाहर निकलने लगी, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की खबर पाकर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। दमकल विभाग के प्रभारी पार्थसारथी घोष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है।

संबंधित निजी कंपनी के अधिकारियों के साथ समन्वय कर गैस की आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, जिससे संभावित खतरे को टाला जा सका। हालांकि अचानक हुए इस हादसे से इलाके के लोग काफी डर गए थे और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि अब हालात सामान्य हैं। पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा