home page

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप, दुर्गापुर तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़

 | 

पश्चिम बर्दवान, 03 जुलाई (हि. स.)। दुर्गापुर के इस्पात नगर स्थित चैतन्य एवेन्यू इलाके में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में अस्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप को लेकर शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

स्थानीय लोगों के एक वर्ग का आरोप है कि श्रमिक संगठन के इस कार्यालय से लंबे समय से विभिन्न कारखानों में अस्थायी नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर कई बेरोजगार युवक-युवतियों से मोटी रकम वसूली गई। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद कई लोगों को नौकरी नहीं मिली। इससे नाराज लोगों, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक ने कार्यालय पाकर अंदर घुसकर तोड़फोड़ की।

भाजपा नेत्री सुमना भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों से ठगी की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है और या तो संबंधित लोगों को नौकरी दी जाए या उनसे ली गई रकम वापस की जाए। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने की भी मांग की।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी का दावा है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से पार्टी कार्यालय पर हमला कर तोड़फोड़ की। पार्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है तथा घटना के विरोध में आंदोलन की भी चेतावनी दी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी के आरोप और कार्यालय में हुई तोड़फोड़, दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा