दुर्गापुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, शुरू हुआ ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’
दुर्गापुर , 19 सितंबर (हि.स.)।
महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। दुर्गापुर में ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की शुरुआत की गई है। महिला पुलिस अधिकारियों को लेकर गठित यह विशेष स्क्वाड शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर निगरानी रखेगा।
इस स्क्वाड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी महिला के परेशानी में होने की सूचना मिलने पर जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। आपात स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करना भी स्क्वाड की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
दुर्गापुर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घुरुई, डिप्टी कमिश्नर रासप्रीत सिंह समेत पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ के लिए फिलहाल आठ गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। आने वाले दिनों में स्क्वाड में गाड़ियों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में 100 और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस की सहायता ली जा सकती है।
पुलिस के इस नए कदम से दुर्गापुर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

