home page

डेकोरेटर्स के गोदाम में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख

 | 
डेकोरेटर्स के गोदाम में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख


दुर्गापुर, 09 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिलान्तर्गत दुर्गापुर के बेनाचिती स्थित गुरुद्वारा इलाके में सोमवार सुबह डेकोरेटर्स के एक गोदाम में भयावह आग लगने से सजावट का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। गोदाम में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली सजावट की सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं किया जा सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा