home page

दुर्गापुर बैराज रोड पर पांच दिन रात में वाहनों की आवाजाही बंद

 | 
दुर्गापुर बैराज रोड पर पांच दिन रात में वाहनों की आवाजाही बंद


कोलकाता, 11 सितंबर (हि. स.)। दुर्गापुर बैराज के लॉकगेट की मरम्मत के कारण बैराज रोड पर पांच दिनों तक रात के समय वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। 11 सितंबर से 15 सितंबर तक रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक इस मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। केवल एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवा के वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी।

बांकुड़ा जिला प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। बांकुड़ा से दुर्गापुर और कोलकाता जाने वाले वाहनों को हेवी मोड़-गंगाजलघाटी होते हुए रानीगंज के मेजिया पुल से होकर भेजा जाएगा। वहीं, अन्य वाहनों को बेलियातोड़ तीनमाथा मोड़, सोनामुखी और बांकुड़ा मोड़ होते हुए बर्दवान की ओर भेजा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दुर्गापुर बैराज दामोदर नदी पर बना है। वर्ष 1955 में निर्मित इस बैराज की लंबाई करीब 692 मीटर है और इसमें 34 गेट हैं। इसका संचालन दामोदर घाटी निगम करता है।

अधिकारियों के अनुसार, पुराने हो चुके लॉकगेट की मरम्मत का काम किया जा रहा है। बैराज के कमजोर गेटों को बदलने और मरम्मत का काम वर्ष 2018 से चरणबद्ध तरीके से चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता