दुर्गापुर बैराज से छोड़ा गया एक लाख 11 हजार 400 क्यूसेक पानी, बाढ़ की आशंका
पश्चिम बर्दवान, 02 सितंबर (हि. स.)। झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के कारण दामोदर नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए पंचेत और मैथन जलाशयों से चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसका प्रवाह दुर्गापुर बैराज तक पहुंच रहा है। इसके कारण बैराज का जलस्तर भी बढ़ गया है।
सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर के बाद दुर्गापुर बैराज से प्रति सेकंड एक लाख 11 हजार 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बताया गया है कि यदि बारिश की मात्रा में और वृद्धि होती है तो बैराज से पानी छोड़ने की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।
पानी के प्रवाह में लगातार बढ़ोतरी से निचले दामोदर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जलभराव और बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई विभाग लगातार नदी और बैराज के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। दामोदर नदी के आसपास स्थित जिलों के प्रशासन को भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

