home page

रंगदारी नहीं देने पर एंबुलेंस चालक से मारपीट का आरोप

 | 
रंगदारी नहीं देने पर एंबुलेंस चालक से मारपीट का आरोप


दुर्गापुर, 06 अगस्त (हि. स.)। दुर्गापुर में एक एंबुलेंस चालक ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद हीरालाल बाउरी पर रंगदारी नहीं देने के कारण मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपित ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। मामले में घायल चालक ने प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गांधी मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर कार्यरत एंबुलेंस चालक मानिक धीबर का आरोप है कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये पूर्व पार्षद हीरालाल बाउरी को देने पड़ते थे। उनका दावा है कि डर के कारण वह हर माह ऑनलाइन माध्यम से यह राशि भेजते थे।

मानिक धीबर के अनुसार, राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने कथित तौर पर यह भुगतान बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद हाल ही में हीरालाल बाउरी ने शराब के नशे में उन्हें सड़क पर गिराकर मारपीट की।

चालक का यह भी कहना है कि उन्हें धमकी दी गई कि दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। घटना के बाद एंबुलेंस चालक ने पुलिस को ई-मेल के माध्यम से लिखित शिकायत भेजकर अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है और मामले में सख्त कार्रवाई की अपील की है।

वहीं, पूर्व तृणमूल पार्षद हीरालाल बाउरी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह राजनीतिक उद्देश्य से लगाया गया झूठा आरोप है।

दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो दोषी के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत मिल चुकी है। जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और पुलिस आगे क्या कानूनी कार्रवाई करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा