home page

दुर्गापूजा में बंगाल के विभिन्न पूजा मंडपों में प्रस्तुति देंगे नामी कलाकार, ड्रोन शो आयोजित किया जायेगा

 | 
दुर्गापूजा में बंगाल के विभिन्न पूजा मंडपों में प्रस्तुति देंगे नामी कलाकार, ड्रोन शो आयोजित किया जायेगा


कोलकाता , 24 सितंबर (हि. स.)। दुर्गापूजा जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, बंगालियों में उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। बंगाल के सबसे बड़े उत्सव दुर्गापूजा का पूरा आनंद लेने के लिए लोग तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस बार पूजा के बाद कोई कार्निवल नहीं होगा, बल्कि दुर्गापूजा के उद्घाटन के मौके पर ही मेगा आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बांकुड़ा, विष्णुपुर, नंदीग्राम, सिलीगुड़ी, दुर्गापुर और बहरमपुर में यह सांस्कृतिक यात्रा होगी। इसके बाद पंचमी के दिन दीघा में सबसे बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता के आसमान में एक साथ तीन हजार ड्रोन नजर आएंगे। इन ड्रोन के जरिए रोशनी के बिंदुओं से मां दुर्गा की आकृति बनाई जाएगी। इसके बाद दुर्गापूजा के आह्वान से जुड़े विभिन्न क्षणों को प्रस्तुत किया जाएगा। महालया से लेकर अष्टमी तक दुर्गापूजा के दिनों में मेगा शो का आयोजन होगा। हालांकि, इस बार पूजा का आयोजन केवल कोलकाता तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे राज्य में इसे मनाने की पहल की गई है।

नवान्न सूत्रों के अनुसार, देवी दुर्गा की आराधना बंगाल की लोकसंस्कृति और उत्सव के मेल के साथ की जाएगी। इसके साथ ही विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। इसका नाम ‘ट्रिब्यूट मां टूर’ रखा गया है। पांच स्थानों पर दो-दो दिनों तक यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, कलाकारों की सूची में कुमार शानू, शान और मोनाली ठाकुर के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बंगाल के लगभग सभी प्रमुख कलाकार अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रस्तुति देते नजर आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा