पूजा के गेट जल्द हटाने का निर्देश, विसर्जन में अव्यवस्था पर प्रशासन सख्त
सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के बाद शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य करने और विसर्जन के दौरान हुई अव्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने शनिवार को पुलिस आयुक्त, नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने पूजा समितियों को सड़कों पर बनाए गए पूजा गेट जल्द हटाने का निर्देश दिया, ताकि यातायात सुचारू हो सके।
मंत्री शंकर घोष ने कहा कि गेट हटाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और शहर की सड़कों को जल्द से जल्द आवागमन के लिए पूरी तरह खुला किया जाना चाहिए। इसके साथ ही शहर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार पर भी जोर दिया गया।
वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और चालकों की लापरवाही को लेकर भी चिंता जताई गई। मंत्री ने बताया कि एक क्लब के विसर्जन के दौरान स्थिति ऐसी हो गई थी कि नगर निगम के कर्मचारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन के पास अव्यवस्था में शामिल पूजा समितियों की जानकारी है।
मंत्री ने कहा कि पूजा समितियों को उत्सव आयोजन के साथ आम लोगों की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। आगामी वर्ष दुर्गा पूजा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन दिसंबर या जनवरी तक नई गाइडलाइन जारी करने की योजना बना रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

