home page

दुर्गापूजा में एक दिन ‘ड्राई डे’ के फैसले का स्वागत करते हुए मदन मित्रा ने सरकार का जताया आभार

 | 

कोलकाता, 10 सितंबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी के दिन मद्य निषेध के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए वरिष्ठ तृणमूल विधायक मदन मित्रा ने राज्य सरकार को धन्यवाद कहा है। कोलकाता में आयोजित एक फैशन डिजाइनिंग कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस नेता मदन मित्रा ने दुर्गापूजा में एक दिन ‘ड्राई डे’ और पूजा समितियों को सरकारी आर्थिक मदद को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान एक दिन मटन, रोल और दूसरे मांसाहारी भोजन से परहेज करने का फैसला स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अच्छा हो सकता है। उन्होंने इसकी तुलना महात्मा गांधी की जयंती पर लागू ड्राई डे से की।

मदन मित्रा ने कहा कि अगर एक दिन मांसाहारी भोजन नहीं किया जाए और उसकी जगह फल, पानी, जूस तथा नींबू पानी लिया जाए तो यह शरीर के लिए अच्छा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के फैसले को लेकर लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर राज्य सरकार की नीतियों की भी सराहना की। मदन मित्रा ने दावा किया कि पहले दुर्गापूजा के दौरान लंबे समय तक सरकारी गतिविधियों और कार्यक्रमों के कारण आम लोगों को परेशानी होती थी, जबकि अब पूजा को लेकर सरकार की ओर से अलग तरह की पहल की जा रही है। उन्होंने छोटे और आर्थिक रूप से कमजोर पूजा क्लबों को आर्थिक सहायता देने की बात का भी समर्थन किया।

मदन मित्रा ने कहा कि जिन पूजा समितियों का बजट करोड़ों रुपये का है, उन्हें सरकारी पैसा देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। इसके बजाय छोटे और गरीब क्लबों को मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने पूजा समितियों की स्थानीय स्तर पर जांच और रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक सहायता देने की बात का समर्थन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा