दुर्गापूजा में ड्रोन और लेजर लाइट पर रोक, एक हजार एक पूजा समितियों के साथ बैठक
कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने इस बार भी ड्रोन और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर कड़ी पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है। हवाई अड्डे से लगे इलाकों में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के साथ ही पूजा मंडपों और आयोजनों में लेजर अथवा सर्फी लाइट के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने की भी अनुमति नहीं होगी।
दुर्गापूजा से पहले बुधवार को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पूजा आयोजकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधाननगर के पुलिस आयुक्त राठौर अमित कुमार भारत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राजारहाट-न्यूटाउन के विधायक पीयूष कनोरिया भी बैठक में उपस्थित थे।
राजारहाट, न्यूटाउन, सॉल्टलेक, बागुईआटी, लेकटाउन और हवाई अड्डा क्षेत्र को मिलाकर विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत इस वर्ष करीब 1001 दुर्गापूजा आयोजित हो रही हैं। बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान बुजुर्गों और बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो तथा सभी लोग सुरक्षित और आनंदपूर्वक पूजा मना सकें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस की ओर से पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि तेज आवाज में डीजे नहीं बजाया जा सकेगा। ड्रोन उड़ाने के लिए अनुमति लेना आवश्यक होगा। वहीं, सर्फी लाइट और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। खासकर हवाई अड्डे से लगे क्षेत्रों में पिछले दो वर्षों की तरह इस बार भी लेजर और सर्फी लाइट के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी गई है।
बैठक में विधाननगर कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाली सभी पूजा समितियों की समस्याएं भी सुनी गईं। पूजा आयोजकों ने पानी, बिजली और सड़क सहित विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। पुलिस आयुक्त ने संबंधित समस्याओं के उचित समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने पूजा समितियों से बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन के कारण वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार के निर्देशों के अनुसार मंडप अथवा शोभायात्रा में डीजे बजाने पर भी रोक रहेगी।
दुर्गापूजा के दौरान लोगों को विभिन्न पूजा मंडपों तक पहुंचने में सुविधा हो, इसके लिए बैठक में विधाननगर क्षेत्र का पूजा रूटमैप भी जारी किया गया। प्रशासन का उद्देश्य भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूजा संपन्न कराना है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में विमान परिचालन में बाधा की आशंका के कारण श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित बुर्ज खलीफा लेजर शो को बंद कर दिया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

